शहर में खून की दलाली करने वाला गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह ब्लड बैंक से खून की एक यूनिट 300 रुपये में खरीदकर जरूरतमंदों को 3000 में बेच रहा है। रक्तदान कराने वाली दो संस्थाओं ने इसकी शिकायत न्यू आगरा थाना पुलिस से की है। गिरोह में आठ-दस लोग सक्रिय हैं। संस्थाओं की पड़ताल में इस तरह के दस मामले सामने आए हैं।
गिरोह का खुलासा तब हुआ जब सामाजिक संस्था रोबिनहुड आर्मी के पास खून की 4-5 बोतल की जरूरत बताते हुए तीन फोन आए। ये लोग डोनर कार्ड मांग रहे थे। दरअसल, डोनर कार्ड पर ब्लड बैंक से रक्त सिर्फ स्टोरेज चार्ज के रूप में 200 से 300 रुपये देकर मिल जाता है।
फोन करने वाले तीन अलग-अलग लोग थे। तीनों एक ही मरीज के लिए खून की जरूरत बता रहे थे। यह मरीज थी गोयल सिटी हॉस्पिटल में भर्ती गर्भवती महिला शेहरून। तीनों में दो ने उसे अपनी पत्नी और एक ने भाभी बताया। इनमें एक का नाम सरफराज, दूसरे का अभिषेक दुबे और तीसरे का सुमित है।