बिछवां। फर्जी अंक पत्र आदि के सहारे नौकरी पाने वाले चार शिक्षकों पर खंड शिक्षाधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। एसआईटी जांच में खुलासे के बाद शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया था। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस जांच व तलाश में जुट गई है।
शिक्षा विभाग में फर्जी अंक पत्र, बीएड की डिग्री आदि दस्तावेज लगाकर नौकरी पाने वाले शिक्षकों की पोल एसआईटी जांच में खुल गई थी। दोषी शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई के साथ ही मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए गए। इसी क्रम में खंड शिक्षाधिकारी सुल्तानगंज जेपी पाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें कहा है कि वर्ष 2004- 05 की बीएड के फर्जी अंक पत्र, प्रमाण पत्र आदि के आधार पर अनिल कुमार प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय बुर्रा निवासी कलक्ट्रेट के सामने शहर कोतवाली, सुमन लता सहायक अध्यापक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसैना निवासी 18/89ए परिकल्यानी पालीवाल पार्क आगरा, कल्पना मिश्रा सहायक अध्यापक कल्यानपुर निवासी गांव हत्सारी थाना अलीगंज एटा व शैलबाला अध्यापक प्राथमिक विद्यालय किन्हावर निवासी नगला धुरा थाना बिछवां ने नियुक्ति पाई थी। थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।