कासगंज। विधानसभा निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण कार्य में लगे बूथ लेवल अधिकारी लापरवाही बरत रहे थे। इस पर तहसील प्रशासन ने बीएलओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। कार्रवाई के बाद भी अधिकारी बेपरवाही से बाज नहीं आ रहे। ऐसे में अब आरोपी अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कासगंज विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण कार्य में लगाए गए बूथ लेविल अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। सामग्री उठान न करने पर आरोपी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्राथमिक विद्यालय नगला अंबर, भरसौली जंगल प्रथम, द्वितीय, फिरोजपुर सिहोला, छिछौरा, प्राथमिक पाठशाला भिटौना, कलानी रफातपुर, कलियानपुर, मोहनपुरा, बादामपुर, महेशपुर जखेरा, नगरपालिका कार्यालय, कन्या महाविद्यालय पूर्वोत्तर रेलवे माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय रेलवे प्रथम, द्वितीय, आंबेडकर बाल विद्यालय अहरौली, केए पीजी कॉलेज कासगंज, प्राथमिक पाठशाला हनौता, सियपुर, पैसोई के बूथ लेविल अधिकारी काम पर नहीं पहुंच पाए हैं।
उनके खिलाफ दो दिन पहले संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है, लेकिन अधिकारियों की हठधर्मिता कम नहीं हो रही। अभी भी लगातार बूथ लेविल अधिकारी अपनी ड्यूटी कटवाने की कोशिश में हैं। इस पर अब तहसील प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। विभागीय कार्रवाई के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है। जबकि पुलिस को फिर से विधिक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जा रहा है।
जो बीएलओ कार्रवाई की हद में आ चुके हैं और फिर भी सामग्री उठान नहीं कर रहे हैं। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी कराई जाएगी। - अजय कुमार, तहसीलदार