मैनपुरी। भाजपा के औंछा मंडल अध्यक्ष को कार्यालय में आकर कुछ लोगों ने गाली गलौज के साथ धमकी दी। इस मामले मेें तहरीर मिलने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।औंछा थाना क्षेत्र के चीतई गांव निवासी गिरजानंद शाक्य औंछा क्षेत्र से भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। शुक्रवार को कोतवाली में तहरीर देकर उन्होंने बताया कि बीते 22 फरवरी को वह मैनपुरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर मौजूद थे। तभी राहुल दुबे निवासी कचेहरी रोड और रजत राठौर निवासी खरपरी वहां आए और उनका वीडियो बनाने लगे। जब उन्होंने उन लोगों के इस हरकत का विरोध किया तो दोनों उन्हें गाली-गलौज देते हुए उनके साथ अभद्रता करने लगे। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
हंगामा होने पर मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इस दौरान जाते-जाते दोनों आरोपी उन्हें धमकी देते हुए। पीड़ित ने घटना की शिकायत एसपी से भी की। एसपी के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर राहुल दुबे और रजत राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। साथ ही घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।