आगरा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए पांच दिन शेष हैं। ऐसे में अब भारतीय जनता पार्टी ने वोटरों का फॉर्म और नाम पुनरीक्षण में न छूटे, इसके लिए विशेष तैयारी कर ली है। शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल में पार्टी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और बीएलए की बैठक में संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने समीक्षा की। निर्देश दिए कि बीएलए 1, बीएलए 2 और बूथ प्रवासी के साथ पार्टी का हर कार्यकर्ता अगले पांच दिन अपने-अपने क्षेत्र के हर घर पर दस्तक दे।
उन्होंने कहा कि पुरानी मतदाता सूची में शामिल रहे अपने वोटरों के फॉर्म भरवाने से लेकर उन्हें बीएलओ तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। अपना मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया से न छूटे। अवैध या अपात्र मतदाता सूची में न रहें, इसके लिए प्रयास करें। अपात्र, घुसपैठिया वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए। बैठक के दौरान प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान, ब्रज बहादुर, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, एमएलसी विजय शिवहरे ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, शिव कुमार, महेश शर्मा, संतोष कटारा, मनीष गौतम, विजय भदौरिया, रोहित कत्याल, गौरव सोलंकी सहित सभी मंडल अध्यक्ष, एसआईआर अभियान के संयोजक उपस्थित रहे।