पार्षद ने बताया कि एक मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर देने पुलिस के पास जा रही थीं। रास्ते में कुछ लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में वार्ड-26 से भाजपा की पार्षद पूजा वाल्मीकि ने छह लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी कि नेतागीरी भुला देंगे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
भोगीपुरा निवासी पूजा वाल्मीकि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 3 नवंबर को शाम सात बजे मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ एक मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर देने पुलिस के पास जा रही थीं। रास्ते में पुरुषोतम, भूपेंद्र पहलवान व चार अज्ञात लोग मिल गए। उन्होंने रास्ता रोक लिया। पुलिस के पास जाने पर गाली-गलौज की। विरोध पर जातिसूचक शब्द बोलने लगे। इसके बाद मारपीट की। कहा कि ज्यादा नेता बन रही है। तेरी नेतागीरी भुला देंगे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के आने पर जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद से पार्षद और उनका परिवार दहशत में हैं। एसीपी लोहामंडी गाैरव सिंह का कहना है कि दो नामजद समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।