फोटो09सहावर कोतवाली में धरना पर बैठे भाजपा नेता । संवाद
- फोटो : samvad
कासगंज। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सहावर थाने का घेराव किया। इस दौरान लेखपाल पर बूथ अध्यक्ष समेत अन्य से खतौनी में अंश संशोधन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। आरोप है कि रिश्वत मांगने का वीडियो बनाने पर लेखपाल ने अभद्रता और हाथापाई की। एसडीएम को शिकायती पत्र देकर लेखपाल को निलंबित किए जाने और मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की।भाजपा के नगरिया मंडल अध्यक्ष मनोज चौहान और भाजपा नेता बॉबी कश्यप के नेतृत्व में करीब 25 कार्यकर्ता शनिवार दोपहर सहावर थाना पहुंचे और धरने पर बैठ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव करते हुए बूथ अध्यक्ष जुगेंद्र कश्यप और उनके भाई के साथ लेखपाल नरेश यादव द्वारा अभद्रता और हाथापाई करने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि 21 अगस्त को सहावर के गांव मुजफ्फनगर निवासी रामनाथ पुत्र लालाराम, अजय सिंह पुत्र ताराचंद, जुगेंद्र सिंह पुत्र सेवाराम और विकास पुत्र राजेंद्र अपनी खतौनी में अंश संशोधन के लिए लेखपाल नरेश यादव के पास गए। लेखपाल उनसे अंश संशोधन के लिए ढाई हजार रुपये रिश्वत मांगने लगा तो उन्होंने मोबाइल से लेखपाल का वीडियो बना लिया। इस पर लेखपाल ने जबरन मोबाइल छीनकर री-सेट कर दिया। रिश्वत मांगने का वीडियो नष्ट करने के बाद लेखपाल ने उनसे अभद्रता और हाथापाई की। बूथ अध्यक्ष के साथ हुई घटना की जानकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली तो उनमें आक्रोश फैल गया। लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके पास साक्ष्य के तौर पर लेखपाल की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। इसमें लेखपाल अभद्र भाषा का उपयोग करके उन लोगों को धमका रहे हैं। थाना प्रभारी चमन गोस्वामी ने धरने पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं को वार्ता करके शांत कराया। मामला राजस्व विभाग का बताकर एसडीएम के पास भेज दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सहावर अंजली गंगवार को शिकायती पत्र सौंपकर रिश्वत मांगने के लिए लेखपाल को निलंबित किए जाने और बूथ अध्यक्ष से हाथापाई पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। सीओ शाहिदा नसरीन ने बताया कि मामला राजस्व विभाग का है इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं को एसडीएम के पास भेज दिया गया। वहीं, एसडीएम सहावर अंजली गंगवार ने बताया कि लेखपाल के खिलाफ शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।
लेखपाल संघ ने भी की शिकायत :
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से भी मामले में एक शिकायती पत्र एसडीएम सहावर अंजली गंगवार को सौंपा गया है। इसमें सहावर तहसील के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि शनिवार को थाना दिवस के दौरान सभी लेखपाल मौजूद थे। तभी अचानक भाजपा नेता बॉबी कश्यप और उनके 20 साथी थाने पहुंच गए। थाना प्रभारी के सामने गाली-गलौज करने लगे। धमकी देते हुए कहने लगे कि जबरदस्ती अपने लोगों द्वारा रुपये दिलवाकर लेखपालों को एंटी करप्शन टीम से पकड़वाऊंगा। इससे लेखपाल संघ में रोष व्याप्त है। यदि बॉबी कश्यप 7 दिन में सार्वजनिक मंच से माफी नहीं मांगते हैं तो संघ कठोर कदम उठाने पर विवश होगा।