आगरा के खेरागढ़ कस्बा के डाक बंगले में सोमवार को आयोजित भाजपा संगठन की बैठक में शामिल होने पहुंचे भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद के दो दावेदारों के समर्थकों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के तीन युवकों ने दूसरे पक्ष के युवक को ईंट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई थी। बरामदे में बैठक चल रही थी कि तभी परिसर में ही कुछ दूरी पर ही चार युवकों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। नेता जब तक कुछ समझ पाते, युवक गुत्थमगुत्था हो गए। इस बीच एक युवक ने ईंट से हमला कर सेवला के चोर नगरिया निवासी वीरेश राजपूत को लहूलुहान कर दिया। बैठक से निकलकर नेताओं ने समर्थकों को संभाला और अलग कर दिया। वहां से घायल वीरेश को उपचार के लिए सीएचसी खेरागढ़ में भर्ती कराया गया।
जिला मंत्री नरेश शर्मा के साथी वीरेश का दावा है कि युवा मोर्चा के जिला महामंत्री पंकज कटारा के साथ आए युवकों ने उस पर हमला किया है। हालांकि इसके बाद देर रात स्थानीय नेताओं की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। दोनों ओर से किसी ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी। साथ ही दोनों पदाधिकारियों ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।