मैनपुरी। प्रदेश में जंगलराज कायम है। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। माफियाओं को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों से परेशान है। विधानसभा चुनाव 2022 में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। यह बातें सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के संस्थापक पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहीं।
सोमवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनाते समय भाजपा ने न गुंडाराज न भ्रष्टाचार का नारा दिया था। सबका साथ सबका विकास भाजपा का लक्ष्य था। भाजपा की प्रदेश में सरकार बनने के बाद गुंडाराज और भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
प्रदेश में लगातार ब्राह्मणों की हत्याएं हो रही हैं। प्रदेश में एक वर्ग विशेष के अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। सात दलों को मिलाकर भागीदारी संकल्प मोर्चा का गठन किया गया है। मोर्चा विधानसभा चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ेगा। संगठन की मजबूती के लिए काम कराया जाएगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करके विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता के सहयोग से सत्ता से दूर किया जाएगा।