अपनी ही कार बेचकर चोरी कराने के आरोपी जगनेर क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने बृहस्पतिवार को एसीजेएम-11 आशीष कम्मोज की अदालत में समर्पण कर दिया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गांव पहला पाड़ा निवासी देवकी नंदन शर्मा ने वर्ष 2021 में जगनेर निवासी दीपक कुमार को अपनी कार बेची थी। उसको ट्रांसफर नहीं किया। 22 मार्च 2024 की रात दीपक के घर के बाहर से कार चोरी हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अंतिम रिपोर्ट लगा दी थी।
इसके बाद दीपक के भाई के मोबाइल पर कार का टोल टैक्स कटने का मैसेज आया। इस पर उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस ने 24 अगस्त 2025 को कार जयपुर हाईवे से बरामद कर ली। बुलंदशहर निवासी पुनीत सिरोही को पकड़ा। उसने बताया कि देवकी नंदन शर्मा के भाई मनमोहन शर्मा को दो लाख रुपये देकर कार खरीदी थी।
बाद में पता चला था कि भाई मनमोहन शर्मा उर्फ छोटू के साथ मिलकर भाजपा नेता ने साजिश की थी। इसके लिए दूसरी चाबी बनवाई थी। पुलिस ने विवेचना के बाद 400 पन्नों की चार्जशीट लगाई थी। इसमें दोनों भाइयों को आरोपी बनाया गया। चार्जशीट दाखिल होने के बाद न्यायालय ने समन और नोटिस जारी किए। आरोपी पक्ष के न्यायालय में उपस्थित न होने पर अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी कर दिए थे।