भाजपा नेता पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई बाइक को नहीं छोड़ने पर आगरा जिले के मलपुरा थाने के प्रभारी एसओ के साथ फोन पर गाली गलौज करने का आरोप है। मामले में भाजपा नेता सत्यदेव दुबे के खिलाफ मलपुरा थाने में सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली गलौज करने, धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी एसओ अनुज सिरोही के मुताबिक जारुआ कटरा निवासी देवेश की बाइक लेकर मंगलवार को उसके परिवार का ही शिवम कहीं गया था। रात 9.45 बजे वह घर लौट रहा था। तभी जखोदा गांव के समीप मलपुरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान उसे रोक लिया। उससे बाइक के पेपर मांगे, लेकिन वह नहीं दिखा सका।
पुलिस ने उसे पेपर मंगाने को भी समय दिया, लेकिन वह कागजात नहीं ला सका। इस पर पुलिस ने बाइक का चालान कर दिया। इस पर शिवम ने जारुआ निवासी भाजपा नेता सत्यदेव दुबे को फोन पर बताया। प्रभारी एसओ के मुताबिक सत्यदेव दुबे ने सीयूजी नंबर पर काल की। जिसे उन्होंने रिसीव की। फोन पर भाजपा नेता ने प्रभारी एसओ से बाइक छोड़ने के लिए कहा।
जब उन्होंने बताया कि बाइक का चालान हो चुका है तो भाजपा नेता आग बबूला हो गए। उन्होंने कहा कि चालान हो गया है तो भी बाइक को छोड़ दो। अगर नहीं छोड़ी तो मैं नौकरी करना सिखा दूंगा। इस दौरान भाजपा नेता द्वारा फोन पर गाली गलौज भी की।