भाजपा नेताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री के खिलाफ मंगलवार शाम एसएसपी को तहरीर दी। आरोप है कि खत्री ने आरएसएस के आगरा निवासी स्वयंसेवक अजीत सिंह के फोटो का गलत इस्तेमाल कर संघ के बारे में दुष्प्रचार किया है। उन्होंने अपने फेसबुक एकाउंट पर अजीत सिंह की फोटो अपलोड कर उन्हें जेवर चोर लिखा है। इस पोस्ट में कहा गया है कि चेन्नई में राहत कार्य के दौरान संघ कार्यकर्ता जेवर चोरी कर रहे हैं। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने मामला गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एसपी सिटी और साइबर सेल को सौंपी है।
विधायक योगेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में भाजपाइयों का एक प्रतिनिधिमंडल स्वयंसेवक अजीत सिंह के साथ एसएसपी से उनके कैंप कार्यालय पर मिला। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अपने फेसबुक एकाउंट पर एक तस्वीर अपलोड की है, इसे चेन्नई में चल रहे राहत कार्य की बताया गया है। इसमें कहा गया है कि वहां राहत कार्य के दौरान स्वयंसेवक जेवर चोरी कर रहे हैं। भाजपाइयों ने दावा किया कि जो तस्वीर अपलोड की गई है, वह चेन्नई की नहीं, आगरा की है, वो भी तीन साल पुरानी। यह फोटो संघ कार्यकर्ता अजीत सिंह की बताई है।
अजीत सिंह ने एसएसपी को बताया कि तीन साल पहले टेढ़ी बगिया पर एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया था, तब यह तस्वीर अखबारों में छपी थी। अजीत सिंह का आरोप था कि इसी तस्वीर का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने एसएसपी को निर्मल खत्री के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इधर, एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि स्वयंसेवक की तहरीर ले ली गई है। एसपी सिटी और साइबर सेल मामले की जांच करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिला महामंत्री ऋषि उपाध्याय, सुरेंद्र गुप्ता, राजीव तिवारी आदि मौजूद थे। बता दें कि अजीत सिंह वर्तमान में मथुरा में संघ के संगठन मंत्री है।