भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में महिलाओं को दिया सम्मान
एलाऊ में भाजपा महिला मोर्चा का नारी शक्ति वंदन सम्मेलन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। भाजपा महिला मोर्चा का मंगलवार को किशनी विधानसभा क्षेत्र का नारी शक्ति वंदन सम्मेलन एलाऊ मंडल में हुआ। सम्मेलन में भाजपा सरकार की महिलाओं की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में जुटने को कहा गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में महिलाओं को सम्मान दिया है। विधानसभा और लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। इसका असर आगे होने वाले चुनावों में देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उनको राजनीति के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया है।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना तिवारी ने कहा कि नारियों के सम्मान से ही समाज मजबूत होता है। नारी को शक्ति का रूप भी कहा जाता है। आज नारियां घर से बाहर निकलकर कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। विधानसभा किशनी क्षेत्र संयोजक नीतू चौहान ने कहा कि भाजपा में महिला और पुरुष कार्यकर्ता के बीच भेदभाव नहीं किया जाता है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया है।
कार्यक्रम संयोजक मंजू दुबे ने कहा कि इस बार महिला मोर्चा इतिहास बनाएगा। लोकसभा सीट पर भाजपा को जिताना ही महिला मोर्चा का लक्ष्य है। ब्लाक प्रमुख जागीर मनेष चौहान गुड्डू, चेयरमैन संगीता गुप्ता, पूनम राठौर, नीतू प्रधान, अरुणा चौहान एडवोकेट, कोमल शाक्य, अनीता राजपूत मौजूद रहीं।