निरोत्तम बघेल प्रकरण में भाजपा ने एक बार फिर सपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। हिंदुत्व के मुद्दे को हवा देते हुए सांप्रदायिक भाषण दिए। कहा कि सपा सरकार के संरक्षण में समुदाय विशेष द्वारा लगातार हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन द्वारा एत्मादपुर तहसील परिसर में सभा न होने देने पर भाजपाइयों को स्टेशन रोड पर धरना प्रदर्शन करना पड़ा।
पांच अप्रैल को एत्मादपुर में सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मुस्लिम खां और उसके साथियों द्वारा निरोत्तम बघेल की पिटाई के बाद आपत्तिजनक हरकत करने के मामले में भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह बघेल के नेतृत्व में सोमवार को भाजपाइयों ने तहसील के पास विशाल धरना प्रदर्शन किया। आरोपियों पर रासुका लगाए जाने की मांग की। इस दौरान प्रो. बघेल ने कहा यह घटना सिर्फ निरोत्तम बघेल के साथ नहीं बल्कि हिन्दूसमाज के साथ हुई है। कहा कि समाज को जाग्रत होना होगा, अपनों को पहचानें और समाज में छिपे गद्दारों को सबक सिखाएं। उन्होंने कहा कि इस धरना मकसद हिंदूत्व को जगाना भी है। भाजपा प्रदेश मंत्री रामप्रताप सिंह ने कहा कि हमें नहीं चाहिए उनके वोट, जो हिंदुत्व के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा आए दिन हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है। कभी गर्भवती महिला के साथ अभद्रता की जाती है तो कभी जैनमुनि के साथ। उन्होंने कहा कि यदि किसी के दिल में कुछ है तो एक बार पाला खींच कर एक बार आमने-सामने आ जाते हैं। पता चल जाएगी किसमें कितनी दम है। पूर्व सांसद प्रभू दयाल कठेरिया ने कहा कि आज निरोत्तम बघेल के साथ घटना घटी है कल आप-हम होंगे। इस तरह की घटना नहीं घटें इसके लिए हमें एक होना होगा। जिला महामंत्री रामकुमार शर्मा ने भी काफी उत्तेजक भाषण दिया। पूर्व महानगर अध्यक्ष शिवशंकर शर्मा ने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता सपा और बसपा को सबक सिखाएगी।
इससे पहले पुलिस-प्रशासन ने तहसील परिसर में धरने की अनुमति न होने पर भाजपा का मंच नहीं लगने दिया। भाजपाइयों का आरोप है कि पुलिस ने रात में ही आयोजन स्थल पर पानी भर दिया था। धरने में टूूंडला, फीरोजाबाद, एटा के भी काफी लोग आए थे।
पुलिस-प्रशासन के फूल गए हाथ-पांव
धरना स्थल पर जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूलते रहे। पल-पल की खबर लेने में अफसरान जुटे रहे। एलआईयू के अलावा दर्जनभर पुलिसकर्मी भीड़ में मौजूद रहे।
ईंट-पत्थरों को कराया तहसील से दूर
तहसील की बाउंड्रीवाल के पास सड़क किनारे काफी संख्या में ईंट-पत्थर पड़े थे। माहौल को भांपते हुए तहसीलदार कुमार संजय ने नगर पालिकाकर्मी लगाकर ईंट-पत्थरों को हटवा दिया। वहां से दूर ले जाया गया।
चप्पे-चप्पे पर रहा पुलिस बल तैनात
तहसील घेराव को लेकर पुलिस-प्रशासन खासा चैकन्ना रहा। हाइवे पर तहसील चैराहा, तहसील गेट और तहसील परिसर के अलावा नगर में तकिया चैराहा, मैन बाजार में पुलिस-पीएसी के जवान तैनात रहे। एसडीएम पीडी गुप्ता, सीओ अभिषेक कुमार सिंह, तहसीलदार कुमार संजय और इंस्पेक्टर ब्रहम सिंह इधर से उधर घूमते नजर आए।
ढहा दिया धरना प्रदर्शन का मंच
प्रशासन द्वारा धरना की अनुमति न मिलने पर भाजपाइयों ने तहसील के बाहर सड़क पर रविवार की रात्रि में मंच बना दिया गया। इसकी भनक पुलिस-प्रशासन को हुई तो सोमवार तड़के उस ढ़हा दिया। इसके बाद थोड़ा आगे गारापुर तिराहा पर धरना दिया गया।
समर्थन में बाजार रहा बंद
बघेल समाज के युवक के साथ सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मुस्लिम खां द्वारा मारपीट और आपत्तिजनक हरकत को लेकर हुए धरना प्रदर्शन के समर्थन में व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद करके समर्थन किया। दिनभर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
मुस्लिम परिवारों के पलायन की चर्चा
क्षेत्र में चर्चा है कि तहसील घेराव की जानकारी होते ही कई मुस्लिम परिवार नगर छोड़ गए हैं तो कइयों ने बच्चों को रिश्तेदारों के यहां भेज दिया है। माहौल शांत होने के बाद आने की चर्चा है। इसकी जिक्र जनसभा में हुई।
तहसील में नहीं आए फरियादी
तहसील घेराव की खबर से सोमवार को फरियादी नजर आए। परिसर में पुलिस-पीएसी के जवान देख कुछ फरियादी तो बाहर से लौट गए। इससे दिनभर कार्य प्रभावित रहा।
टूंडला से काफी संख्या में पहुंचे
नगर में स्टेशन रोड पर निरोत्तम बघेल मामले में हुए धरना प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र एत्मादपुर के अलावा टूंडला से भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हनुमंत सिंह बघेल ने बताया कि टूंडला क्षेत्र में भी जनता के बीच जनसंपर्क किया गया था।
इन्होंने भी सभा को किया संबोधित
विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, शिवशंकर शर्मा, बिजेन्द्र सिंह बघेल एडवोकेट, भूपेन्द्र सिंह, स्वामी महावीर आर्य, पूर्व ब्लॉक हुनमंत बघेल, टीकम सिंह तोमर, बनी सिंह बघेल, रामकुमार शर्मा, प्रबल प्रताप सिंह, शैलेन्द्र यादव, माधवेन्द्र नाथ सिंह, केपी सिंह, कल्पना धाकरे, दुष्यंत जादौन, नीलम दिवाकर आदि रहे। अभयनाथ सिंह, केपी सिंह एडवोकेट, राकेश त्यागी, नवलकिशोर त्यागी, मानसिंह आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
धरना समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम पीडी गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि निरोत्तम बघेल के साथ मारपीट और आपत्तिजनक हरकत करने वाले सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मुस्लिम खां एवं उनके परिजनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्यवाही की जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो भाजपा बड़ा आंदोलन करेगी।