जोनल कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते पार्षद व अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में लीकेज के कारण सड़कों पर बर्बाद हो रहे गंगाजल और उफनते सीवर की समस्या से परेशान लोहामंडी जोन के लोगों के साथ पार्षदों ने शुक्रवार को नगर निगम के जोनल कार्यालय पर ताला लगा दिया।
तीन पार्षदों ने लोगों के साथ प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। जलकल सचिव और वबाग के नेटवर्क मैनेजर ने सात दिन के अंदर समस्या दूर करने के वादा कर लोगों का धरना खत्म कराया।
केंद्र और प्रदेश में अपनी सरकार, नगर निगम में अपनी सत्ता के बाद भी भाजपा पार्षदों को शुक्रवार दोपहर 12 बजे लोहामंडी जोन कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरने पर बैठना पड़ा।
इन समस्याओँ को लेकर किया प्रदर्शन
दरअसल, लोहामंडी क्षेत्र के तीनों पार्षद शरद चौहान, आशीष पाराशर और राजेश प्रजापति के पास क्षेत्रीय लोग पानी की बर्बादी, पेजयल संकट और सीवर समस्या दूर न होने की शिकायत लेकर आए थे।
जिसके बाद पार्षदों के साथ लोगों ने लोहामंडी जोन कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने सभी कमरों को बंद कर ऑफिस पर ताला लगा दिया। इसके बाद मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरने पर बैठ गए।
अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे पार्षदों और लोगों को मनाने के लिए अधिशासी अभियंता आए, लेकिन उन्होंने उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग की।
इस पर जीएम आरएस यादव ने जलकल सचिव अनवर ख्वाजा और वबाग केनेटवर्क मैनेजर राजेंद्र आर्य को भेजा। दोनों अधिकारियों ने सात दिन के अंदर लोहामंडी जोन में पानी की लीकेज और सीवर ओवरफ्लो होने की शिकायतें दूर करने का वादा कर धरना खत्म कराया।
'हमारा सब्र टूट चुका है'
पूरे लोहामंडी क्षेत्र में पाइप लाइनें जर्जर होने के कारण लीक हैं। हजारों लीटर गंगाजल हर दिन फैल रहा है। सरकार से पैसा भी मिला है, लेकिन लीकेज दूर नहीं कर रहे। हमारा सब्र टूट चुका है - शरद चौहान, पार्षद, लोहामंडी
'हर गली में उफन रहा सीवर'
हर गली में सीवर उफन रहा है। बदबू के कारण घर पर रहना मुश्किल हो चुका है। टोल फ्री नंबर पर शिकायत करके भी सात से आठ दिन तक कोई आ नहीं रहा। लोग क्या करें - राजेश प्रजापति, पार्षद, अशोक नगर
'समाधान नहीं तो ताला डालो'
कोई ऐसी गली नहीं, जहां सीवर और पानी की पाइप लाइन लीक होने से पानी बर्बाद न हो रहा हो। क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर काम नहीं कर रहे। समस्या का समाधान नहीं तो ऐसे ऑफिसों को ताले लगाकर बंद कर दो -आशीष पाराशर, पार्षद, भोगीपुरा