मैनपुरी। घरेलू और नलकूप का बकाया बिजली बिल भुगतान के लिए बिजली विभाग ने किस्त समाधान योजना शुरू की थी। इसमें पंजीकृत हजारों उपभोक्ताओं ने दो माह से किस्त जमा नहीं की है। ऐसे में उनके पास आज आखिरी मौका है, अगर किस्त जमा नहीं की तो वे योजना से बाहर हो जाएंगे।
जिले में 12 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने बिजली बकाया बिल भुगतान के लिए पंजीकरण के बाद भी दो माह से किस्त जमा नहीं की। घरेलू बकाएदारों की अगर बात करें तो 9831 ने दो माह से किस्त जमा नहीं की है। इस पर बिजली विभाग का 4.49 करोड़ का बिल बकाया है। नलकूप किस्त योजना में 2348 किसानों ने दो माह से किस्त जमा नहीं की है।
इन पर 4.63 करोड़ का बिल बकाया है। इन लोगों के पास 31 अगस्त को किस्त जमा करने का आखिरी मौका है। बिजली विभाग के अनुसार अगर दोनों माह की किस्त वर्तमान बिल के साथ जमा न की गई तो इन उपभोक्ताओं को योजना से बाहर कर दिया जाएगा। इसके बाद बिजली विभाग आरसी जारी कर जहां बकाया बिल की वसूली करेगा तो वहीं कनेक्शन भी काट दिया जाएगा।
ये होगा नुकसान
अगर आसान किस्त योजना और नलकूप किस्त योजना में पंजीकृत उपभोक्ता दो माह की किस्तें जमा नहीं करते हैं तो वे योजना से बाहर हो जाएंगे। इससे उन्हें न केवल किस्तों की सुविधा से वंचित कर दिया जाएगा बल्कि उन्हें सरचार्ज में मिली छूट भी समाप्त हो जाएगी। इससे उन्हें अधिक बिल और तत्काल जमा करना पड़ेगा।
हाईलाइर्ट्स
-9831 ने आसान किस्त योजना में जमा नहीं की दो माह की किस्त
-4.49 करोड़ का बिल है बकाया
-2348 ने नलकूप किस्त योजना में जमा नहीं की दो माह की किस्त
-4.63 करोड़ का बिल है बकाया
आज हर हाल में योजनाओं में पंजीकृत उपभोक्ता अपनी दो माह की किस्तें जमा कर दें। ऐसा न करने पर वे योजना से बाहर हो जाएंगे। उन्हें पूरी धनराशि व सरचार्ज भी जमा करना पड़ेगा।
रवि अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत।