आगरा में फिर दिखा 'पाताल लोक' का रास्ता
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां की सड़क अचानक धस गई और जमीन में समा गई। सुबह जब लोगों ने मौके का नजारा देखा तो सड़क के बीचों-बीच कई फीट गहरा गड्ढा बना था। इस गड्ढे में बाइक भी समा गई।
धूलियागंज के धोबीपाड़ा में बुधवार सुबह सड़क धंसने से गहरा गड्ढा हो गया। सीवर लाइन लीक होने के कारण इसके पास लगा टोरेंट बॉक्स और मोटर साइकिल गिर गई। इसी गड्ढे के पास धोबीपाड़ा के बुजुर्ग चारपाई पर सो रहे थे, लेकिन बारिश शुरू होते ही सड़क धंसने से चंद मिनट पहले ही हट गए थे, अन्यथा वह भी हादसे का शिकार हो सकते थे।
सड़क धंसने की सूचना पर सुबह पार्षद आरती शर्मा और अपूर्व शर्मा पहुंचे। उन्होंने निगम अधिकारियों को सूचना दी तो सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम भी मौके पर पहुंचे और गड्ढे को भरवाया। सहायक नगर आयुक्त के मुताबिक रात में हुई धीमी बारिश के दौरान टोरेंट बॉक्स के आसपास चूहों ने बिल बना लिए। इससे पानी जमीन के अंदर पहुंचा तो सड़क धंस गई। बाइक गिरी तो सीवर कनेक्शन टूट गया। इससे ज्यादा पानी का रिसाव हुआ और सड़क का हिस्सा धंसकर बड़े गड्ढे में बदल गया।
पार्षद आरती शर्मा ने बताया कि ट्रिपल इंजन की सरकार में कोई ऐसी सड़क नहीं जो धंसी नहीं। हर सड़क पर गड्ढे हैं। पैर रखते ही डर लगता है कि कहीं जमीन न खिसक जाए। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ
स्थानीय निवासी अपूर्व शर्मा ने कहा कि सीवर चोक होने के कारण सड़क धंसी है। पूरा सीवर नेटवर्क खराब है। इसे बदलने की जरूरत है। पूरे शहर में सड़कें केवल सीवर लीक होने से ही धंसी है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि चूहों ने बिल बनाए, जिससे पानी जमीन में पहुंचा। इसी के साथ सीवर कनेक्शन टूटने से रिसाव हुआ, जिससे सड़क धंसी है। एक घंटे में गिट्टी डलवा दी थी।
सपा नेताओं ने गड्ढे का पूजन कर कसा तंज
धूलियागंज के धोबीपाड़ा में अग्रसेन इंटर कॉलेज के पास हुए गड्ढे की सूचना पर सपा नेता पहुंचे और निगम विरोधी प्रदर्शन करते हुए गड्ढे का पूजन किया। सपा नेता विनय अग्रवाल, सतीश चाहर ने तंज कसा कि गड्ढामुक्त का दावा था, लेकिन हर सड़क गड्ढायुक्त बना दी। कमला नगर हो या बल्केश्वर या ताजमहल के पास की सड़क, हर सड़क खोखली है। स्थानीय निवासी छोटेलाल अपनी चारपाई समेत इसमें समा सकते थे, लेकिन बच गए। गड्ढे के कारण उनके मकान में दरारें आ गई हैं। विनय अग्रवाल ने छोटेलाल के मकान के निरीक्षण, मुआवजा देने की मांग की। सतीश चाहर ने कहा कि आगरा स्मार्ट सिटी नहीं, बल्कि नरक सिटी बना दिया है। गड्ढा पूजन के जरिए विधायक को जगाने का प्रयास किया है ताकि वह गंभीरता दिखाएं और कुछ करें। इस दौरान मनोज अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, विमल वाल्मीकि, रवि जाटव, हिमांशु यादव, जिनेश अग्रवाल, भानु प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।