रोडवेज बस में फंसी बाइक, युवक बाल-बाल बचा
संवाद न्यूज एजेंसी
घिरोर। रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक बस के नीचे फंस कर काफी दूर तक घिसटती हुई चली गई। इस हादसे में युवक बाल-बाल बच गया। घायल को पुलिस ने सीएचसी गोधना में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के नगला पाई निवासी श्रीकृष्ण शुक्रवार को साले प्रभूदयाल निवासी गांव भूटा थाना बिछवां के साथ अलग-अलग बाइक पर पुत्री के लिए लड़का देखने फिरोजाबाद मुहम्मदपुर जा रहे थे। रास्ते में श्रीकृष्ण पीछे रह गए और प्रभूदयाल कस्बा में सब्जी मंडी के पास आ पहुंचा। तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद प्रभूदयाल काफी दूर जाकर गिरा। वहीं बाइक बस के नीचे फंस कर काफी दूर तक घसीटते हुए चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर एकत्र हुए लोगों ने हादसे में घायल हुए प्रभूदयाल को उपचार के लिए सीएचसी गोधना में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अगर युवक भी बाइक के साथ बस के नीचे आ जाता तो हादसा दर्दनाक होता। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।