गंजडुंडवारा। कादरगंज-गंजडुंडवारा मार्ग पर बाइक सवार युवक नीलगाय से टकरा गया। घायल बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सड़क हादसे में मौत का शिकार मुकीम (25) पुत्र अब्दुल हकीम निवासी मोहल्ला आबाजी हुआ। वह शनिवार की देर शाम कादरगंज से गंजडुंडवारा अपने घर बाइक से आ रहा था। जब वह नगला भवानी मोड़ के समीप पहुंचा तभी सड़क पर अचानक नीलगाय आ गई और उसकी बाइक उससे टकरा गई। इससे मुकीम घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। अस्पताल में इलाज के दौरान घायल मुकीम ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।