पटियाली। बदायूं-पटियाली मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम म्याऊं निवासी उस्मान (21) पुत्र सद्दीक अपने मित्र मोनिस (22) एवं सलमान (20) के साथ पटियाली बाजार से खरीदारी कर बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। किशोरी नगरा के समीप उनकी बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीखपुकार की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में राहगीर एवं ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवधेश भदौरिया मौके पर पहुंच गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने उस्मान को मृत घोषित कर दिया।
दोनों घायल युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर उस्मान के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।