मैनपुरी। शनिवार की रात शहर के राधारमन रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल साथी को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खरपरी निवासी 24 वर्षीय अवनीश चौहान शनिवार की रात शहर के ईशन नदी स्थित एक मैरिज होम में आयोजित समारोह में आया था। घर लौटते वक्त उसके साथ बाइक पर गांव का ही सत्येंद्र उर्फ छोटे भी बैठा था। रात करीब 9:10 बजे बाइक जब राधारमन रोड पर एक मैरिज होम के सामने पहुंची तभी मार्ग से गुजर रही तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में अवनीश की मौके पर ही मौत हो गई वहीं छोटे गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल लाई। यहां चिकित्सकों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया जबकि छोटे को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया।