उत्तर प्रदेश आगरा जिले में बड़ी घटना हुई है। बृहस्पतिवार काे रातभर हुई बारिश के बाद गांव उमरैठा में सीलन से तड़के 300 साल पुरानी हवेली अचानक भरभराकर बराबर के दो घरों पर गिर पड़ी। इसके मलबे में छह लोग दब गए। ग्रामीणों ने मलबे से लोगों को निकाला तब तक एक बच्ची सहित दो लोगों की मौत हो चुकी थी। अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव उमरैठा में 300 वर्ष पुरानी तीन मंजिला हवेली का ढांचा वर्षों से जर्जर खड़ा था। बृहस्पतिवार का रात में कई घंटे मूसलाधार बारिश हुई। सीलन के चलते शुक्रवार को तड़के करीब 5 बजे हवेली का आधा हिस्सा पास में बने विनोद और राकेश के मकान पर गिर पड़ा।
हवेली के मलबे से मकान ढह गए। एक मकान में सो रहे विनोद (50), उनकी पत्नी इंद्रावती (45), पुत्रवधु लक्ष्मी (28), नातिन तान्या (2), नाती रौनक (4) और तन्वी (1) मलबे में दब गए। दूसरे मकान के लोग राकेश आदि बाहर पशुओं को लेने गए थे।
धमाके जैसी आवाज सुनकर परिजन और अन्य ग्रामीण ण्गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जेसीबी बुलाकर ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला और सीएचसी केंद्र में इलाज के लिए भेजा।
चिकित्सकों ने तन्वी और विनोद को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। रौनक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर मौके पर एसडीएम बाह कृष्णानंद तिवारी, तहसीलदार फतेहाबाद सतीश त्रिपाठी, नायब तहसीलदार बाह गौरव अग्रवाल पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से बची जर्जर हवेली को गिराने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की।
अन्य हवेली को भी गिराने की मांग
उमरैठा में हादसे के बाद अभी हवेली का आधा हिस्सा जर्जर अवस्था में खड़ा है। इसे लेकर आसपास रहने वाले लोग दहशत में हैं। अधिकारियों ने हवेली के आसपास के घरों को फिलहाल खाली करा लिया है। तहसीलदार सतीश त्रिपाठी ने बताया कि हवेली को गिराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। धनराशि स्वीकृत होने पर पीडब्ल्यूडी के सहयोग से जर्जर हवेली को गिराया जाएगा। गांव में एक अन्य हवेली भी जर्जर हालत में खड़ी है, ग्रामीणों ने इसे भी गिराए जाने की मांग की।
घायलों से मिलने पहुंचे विधायक और पूर्व मंत्री
हादसे के घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। विधायक पक्षालिका सिंह और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने अस्पताल आकर घायलों का हाल जाना और पीड़ित परिजन को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।