बिचपुरी। बढ़ती बेरोजगारी के बीच बिचपुरी में करीब नौ साल से बंद पड़ा पोल्ट्री फार्म खुलवाने के लिए बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी मजदूर सभा ने मंडलायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। मजदूर सभा के महानगर अध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि फार्म परिसर में 19 हॉल के साथ बिजली व्यवस्था और हैचिंग मशीन जैसी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं, जिनसे उत्पादन दोबारा शुरू किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि विभाग स्वयं संचालन नहीं कर सकता तो इसे किसी सक्षम संस्था को किराये पर देकर चलाया जाए। इससे राजस्व के साथ युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण का अवसर मिल सकता है। इसके अलावा, ग्राम पंचायत बरारा के गांव मिर्जापुर में गहरे तालाब को लेकर भी चिंता जताई है। सभा का कहना है कि अत्यधिक खुदाई के कारण तालाब खतरनाक हो गया है और हादसे की आशंका बनी रहती है। तालाब की सफाई कराकर उसके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाने की मांग की गई है। इस दौरान दिनेश कुमार, राकेश चौधरी, काशीराम, जगदीश आदि मौजूद रहे।