कासगंज। कलेक्ट्रेट परिसर से बुधवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत चार वाहनों को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद की समस्त ग्राम पंचायत और निकायों में जाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जनपद के अंतिम व्यक्ति तक जानकारी लेकर पहुंचेंगे और उन्हें प्रचार के माध्यम से जागरूक करेंगे। जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जनपद के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उन्हें विभिन्न सुविधाओं के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प योजना के तहत चार विशेष प्रचार वाहन-वैन को रवाना किया है। ये वाहन जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों व नगरीय निकायों में रूट चार्ट के अनुसार निर्धारित तिथि व समय पर पहुंच कर प्रचार-प्रसार करेंगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी डॉ. वैभव शर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी मिथलेश कुमार तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।