दिल्ली मार्ग पर बढ़ गई यात्रियों की परेशानी
चुनाव कराने को गई हैं रोडवेज की 9 बसें
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली मार्ग पर आने जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। चुनाव कराने के लिए रोडवेज की नौ बसें चली गई हैं। दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को काफी देर तक बसों का इंतजार करना पड़ता है। बस में कम से कम 20 सवारियां होने पर ही बसों को दिल्ली मार्ग पर रवाना किया जाता है।
लोकसभा चुनाव में मतदान कर्मियों और पुलिस बल को मतदान केंद्रों तक भेजने के लिए रोडवेज की बसों को भेजा जाता है। चुनाव के लिए मैनपुरी डिपो की सात बसों को भेजा गया है। दो बसों को जिला प्रशासन ने अधिग्रहीत कर लिया है। ऐसे में दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या कम हो गई है। दिल्ली मार्ग पर संचालित होने वाली अच्छी हालत वाली बसों को ही चुनाव के लिए भेजा गया है।
लोगों का कहना है कि दूसरे डिपो की बसें अधिकांश बाईपास होकर ही निकल जाती हैं। बस स्टैंड से संचालित होने वाली बसों को हर एक घंटे बाद संचालित किया जा रहा है। लेकिन बस में कम से कम 20 सवारियां होने पर ही बस को रवाना किए जाने की बाध्यता होने के कारण बसों को देरी से भी रवाना किया जाता है।
लोकसभा चुनाव के लिए नौ बसों को भेजा जा चुका है। दिल्ली मार्ग पर बसों की संख्या कम हुई है। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड से बसों को समय से रवाना किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
संजीव कुमार, एआरएम मैनपुरी