वर्षों से चले आ रहे खंडपीठ आंदोलन के जनपक्ष को अब सामने लाया जाएगा। शनिवार को होने वाली महापंचायत की तैयारियों में वकील जुटे रहे। उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना संघर्ष समिति ने कहा कि महापंचायत का उद्देश्य कई दशकों से चल रहे खंडपीठ आंदोलन को जनांदोलन का रूप देना है। इसके लिए राजनीतिक दलों के साथ ही सांसद और विधायकों का समर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
संघर्ष समिति के सचिव अरुण सोलंकी ने दीवानी में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार को होने वाली पंचायत का उद्देश्य आंदोलन को जनता से जोड़ना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग बेहद जरूरी है। पंचायत में प्रधान, ब्लाक प्रमुख, विधायक, पूर्व विधायक, सांसदों को आमंत्रित किया गया है। खंडपीठ स्थापना की लड़ाई केवल अधिवक्ताओं की नहीं है। अब सांसद और विधायक आंदोलन की अगुवाई करें। जब तक राजनीतिक दल इसे अपनी लड़ाई नहीं बनाएंगे तब तक खंडपीठ की स्थापना मुश्किल होगी। समिति के संयोजक केडी शर्मा ने बताया कि महापंचायत की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसमें खंडपीठ समर्थक 17 जिलों के बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव और जनप्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।
इस मौके पर आगरा बार के अविनाश शर्मा, शैलेंद्र रावत, विजय कुमार शर्मा, सुरेंद्र लाखन, सुधीश जैन, गजेंद्र शर्मा बाबा, कुमारी दरवेश यादव, अनूप शर्मा, मनीष कुमार सिंह, मृगेश कुलश्रेष्ठ, अरविंद मिश्रा, अजयपाल सिंह, नितिन वर्मा, गगन शर्मा, अरुण पचौरी, रमाशंकर राजपूत आदि थे।
इनसेट
आगरा को कमजोर करने की कोशिश
आगरा। आगरा में खंडपीठ के लिए संघर्ष कर रहे वकीलों का कहना है कि मेरठ और आसपास के जिलों में खंडपीठ को लेकर किया जा रहा आंदोलन पश्चिमी यूपी की जनता के साथ छलावा है। जसवंत सिंह आयोग ने आगरा में बेंच स्थापित करने की सीधी सिफारिश की है। इलाहाबाद के अधिवक्ता नहीं चाहते हैं कि पश्चिमी यूपी में कहीं भी खंडपीठ बने। ऐसी लाबी को सपोर्ट करने के लिए छद्म आंदोलन चलाया जा रहा है।
इन पर टिकी होंगी निगाहें
संघर्ष समिति के मुताबिक, हाथरस के सांसद राजेश दिवाकर, अलीगढ़ के सतीश गौतम, फर्रुखाबाद के सांसद उमेश राजपूत, आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप, फतेहपुरसीकरी के चौधरी बाबूलाल, फीरोजाबाद के अक्षय यादव और मैनपुरी के तेजप्रताप सिंह को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा जिले के साथ ही आसपास के जनपदों के विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।
मंत्री कठेरिया नहीं, उनकी पत्नी आएंगी
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेसर रामशंकर कठेरिया महापंचायत में भाग नहीं ले सकेंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कठेरिया ने अपनी ओर से पत्नी मृदुला कठेरिया और अपने प्रतिनिधियों को पंचायत में भाग लेने की बात कही है।
ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचेंगी महिला कांग्रेसी
महापंचायत में जिला महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष सरोज सिंह चौहान का कहना है कि महिला कांग्रेस की टीम ढोल नगाड़ों के साथ शहर में भ्रमण करके दोपहर को महापंचायत में भाग लेने दीवानी पहुंचेगी।
जनसंपर्क किया
उत्तर प्रदेश कांग्रेस (विधि एवं मानवाधिकार विभाग) के मंडल चेयरमैन रमाशंकर शर्मा एडवोकेट, जिलाध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, हाजी अबरार हुसैन, आरएस मौर्या, भारत भूषण गप्पी, व्यापार मंडल के गोविंद अग्रवाल, रामटंडन आदि ने महापंचायत के लिए संपर्क किया। पंचायत में प्रतिभाग करने की अपील की।
हेमा मालिनी ने भेजी शुभकामनाएं
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मथुरा की सांसद हेमा मालिनी को भी आमंत्रण दिया गया, लेकिन वे मुंबई में किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने से नहीं आ रही हैं। उन्होंने खंडपीठ को समर्थन देते हुए अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।