कुलपति आवास पहुंचे कई अभ्यर्थी, लेकिन नहीं मानी गई मांग
परीक्षा आज से, कम उपस्थिति के कारण रोके गए हैं कई अभ्यर्थी
डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के करीब 120 पीएचडी के कोर्स वर्क के अभ्यर्थियों को उपस्थिति कम होने के चलते परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई है। इस पर कुछ अभ्यर्थी हाईकोर्ट गए हैं, वहीं कुछ फैसला होने तक परीक्षा न कराने की मांग कर रहे हैं। परीक्षा टालने की प्रार्थना करने गुरुवार को करीब 15 अभ्यर्थी कुलपति आवास पहुंचे। फिलहाल उन्हें राहत नहीं मिली, शुक्रवार से परीक्षा शुरू हो रही है।
पीएचडी में पंजीकरण के लिए छह माह के कोर्स वर्क में 618 अभ्यर्थियों का प्रवेश कोर्स वर्क में हुआ। उनका कोर्स वर्क अब पूरा हो रहा है। कोर्स के दौरान 120 शोधार्थियों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम रही है। इन्हें परीक्षा में शामिल होने से रोक दिया गया। पांच अभ्यर्थी कोर्ट चले गए, कोर्ट ने फैसला करने के लिए उपस्थिति पंजिका मांगी है। अभ्यर्थी चाह रहे हैं कि कोई निर्णय होने तक परीक्षा टाल दी जाए। गुरुवार को कुछ अभ्यर्थी कुलपति से मिलने खंदारी कैंपस स्थित उनके आवास पहुंचे लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
इस संबंध में डीन रिसर्च प्रो. राजेश धाकरे का कहना है कि हाईकोर्ट ने परीक्षा टालने के लिए निर्देश नहीं दिए। तीन जून से परीक्षा होगी। बाद में कोर्ट का कोई निर्णय आता है तो उसका पालन किया जाएगा।