मैनपुरी। कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सिढ़पुरा में चौथी की विदा से एक दिन पूर्व विवाहिता ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। ससुरालीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विवाहिता जनपद इटावा क्षेत्र की रहने वाली थी और 26 मई को ही उसकी शादी हुई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
जिला इटावा के थाना सैफई क्षेत्र के गांव हीरापुर निवासी लक्ष्मी देवी ने अपनी 19 वर्षीय पुत्री कल्पना की शादी 26 मई 2021 को थाना कुरावली क्षेत्र के गांव सिढ़पुरा निवासी देवेंद्र कुमार के साथ की थी। तीन जून बृहस्पतिवार को चौथी की विदा होनी थी। बुधवार की रात देवेंद्र और कल्पना छत पर सो रहे थे।
परिजनों के अनुसार रात करीब 11 बजे कल्पना नीचे आई और उल्टियां करने लगी। घरवाले जाग गए और उसे अस्पताल ले जाने लगे तभी विवाहिता ने मना करते हुए कहा कि अब वह नहीं बचेगी, उसने जहर खा लिया है। परिजन कल्पना को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर मायके पक्ष के लोग भी आ गए। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि विवाहिता द्वारा जहर खाकर खुदकुशी की बात सामने आई है। मायके पक्ष द्वारा कोई आरोप नहीं लगाए हैं, न कोई तहरीर दी गई है। सूचना पर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
-------
बहन को भी नहीं बताई वजह
गांव सिढ़पुरा में शादी के आठवें दिन कल्पना ने जहर खाकर जान दे दी। कल्पना की बहन आरती भी इसी गांव में ब्याही है। बुधवार की रात खबर सुनकर वह भी पहुंच गई। जिला अस्पताल पहुंचने के दौरान जब उसने जहर खाने की वजह पूछी तो कल्पना ने बताने से मना कर दिया।
-----
सामूहिक विवाह समारोह में हुई थी शादी
कल्पना और देवेंद्र की शादी करीब चार माह पूर्व इटावा में हुए एक सामूहिक विवाह समारोह में हुई थी। दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहना दी थी। शादी की सभी रस्में 26 मई को विधिवत संपन्न होने के बाद 27 मई को ससुराल सिढ़पुरा के लिए विदाई हुई थी।