डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीएड परीक्षा 23 सितंबर से हैं, लेकिन छात्रों का परीक्षा शुल्क जमा करने में भी कॉलेज फिसड्डी हैं। अभी 17, 347 बीएड छात्रों का शुल्क विश्वविद्यालय में जमा नहीं हुआ। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख रविवार को है। शुल्क जमा न होने पर इन छात्रों की परीक्षा नहीं कराई जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि बीएड सत्र 2021-23 प्रथम वर्ष और 2020-22 सत्र द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 23 सितंबर से शुरू हो रही हैं। इसमें 431 कॉलेजों के 48336 छात्र पंजीकृत हैं। परीक्षाएं आठ जिलों के 40 नोडल केंद्रों पर होंगी। अभी तक कॉलेज संचालकों ने 30989 छात्रों का ही शुल्क जमा किया है। ऐसे में अभी 17347 छात्रों का शुल्क विश्वविद्यालय में जमा होना बाकी है।
उन्होंने बताया कि इनको तीन बार चेतावनी देकर बकाया छात्रों का शुल्क जमा कराने के लिए कहा है। इनको अंतिम तारीख रविवार की दी है। इस दिन तक शुल्क जमा नहीं होने के बाद परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। इनके प्रवेशपत्र भी जारी नहीं किए जाएंगे। बिना शुल्क परीक्षा से वंचित रहने पर पूरी जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज संचालकों की होगी।
एसोसिएशन ऑफ सेल्फ फाइनेंस एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष चौधरी रामेश्वर सिंह का कहना है कि जिन कॉलेजों पर छात्रों का परीक्षा शुल्क बकाया है, वह छात्र हित में शुल्क जमा कर दें, जिससे कोई छात्र परीक्षा से वंचित नहीं रहे।