गर्भवती और प्रसूताओें के लिए शुरू की 102 एंबुलेंस सेवा में घर का सामान ढोया जा रहा है। बुधवार को बाह में 102 एंबुलेंस में स्टाफ चारपाई समेत अपने घर का सामान लेकर जा रहा था। इसका फोटो वायरल होने पर कंपनी ने जांच की तो मामला सही निकला। सीएमओ ने नोडल प्रभारी से रिपोर्ट मांगी है।
बुधवार को इटावा बस अड्डे के पास 102 एंबुलेंस खड़ी थी। इसमें महिला-पुरुष और एक बच्चा चारपाई, पंखा समेत घर का अन्य सामान लाद रहे थे। यहां से गुजर रहे राहगीर ने इसकी फोटो खींचकर सोशल साइट पर डाल दी।
देखते ही देखते यह फोटो वायरल हो गया। एंबुलेंस संचालन कंपनी के अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी इसकी जानकारी हुई। 102 एंबुलेंस प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि बाह में एंबुलेंस में चारपाई समेत अन्य सामान लादने की फोटो की जानकारी पर जांच की तो एंबुलेंस का स्टाफ ही निकला।