आगरा के सैंया में हाईवे स्थित टोल प्लाजा पर वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर से टोल टैक्स मांगने पर विवाद हो गया। दोनों ओर से मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। सूचना पर एसपीआरए भी थाने पहुंच गए। बाद में दोनों पक्षों ने सुलहनामा लिखकर समझौता कर लिया।
शाम चार बजे झांसी में तैनात वाणिज्य कर के ज्वाइंट कमिश्नर आगरा आ रहे थे। उनके साथ गाड़ी में चार लोग शिवराज, दिनेश, संतोष, शिवकुमार भी थे। सैंया टोल प्लाजा पर ज्वाइंट कमिश्नर की गाड़ी का टोल टैक्स काटने को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि ज्वाइंट कमिश्नर के साथ बैठे लोग नशे में थे। उन्होंने टोल पर महिला कर्मचारी को अपशब्द कह दिए। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। टोल कर्मचारियों ने कार सवारों को गाड़ी से निकालकर पीटा। कर्मचारियों ने ज्वाइंट कमिश्नर को भी पीटा।