तीन महीने से अपनी सनातनी में रह रहा है पीड़ित परिवार
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। अक्सर ससुरालीजन की प्रताड़ना और बहुओं को घर से निकालने की घटनाएं देखने और सुनने को मिलती हैं, लेकिन गांव धोबई में इस बार कहानी बहू की प्रताड़ना से जुड़ी है। बहू ने पति और सास ससुर को पीटने के बाद घर से निकाल दिया है। सभी लोग तीन माह से रिश्तेदारी में रह रहे हैं। बहू ने घर का सारा सामान अपने मायके ले जाकर रख लिया है।
बहू की प्रताड़ना से परेशान धोबई निवासी उमेश चंद्र ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजा है। इसमें कहा है कि उनकी पुत्रवधू झगड़ालू किस्म की महिला है। बहू ने उन्हें, पत्नी और अपने पति राहुल को पीटने के बाद घर से बाहर निकाल दिया है। जब भी उन लोगों ने वापस घर पर जाने का प्रयास किया तो गुंडों को बुलाकर उनकी पिटाई करवा देती है। कई बार थाने में शिकायत की लेकिन वहां पर घरेलू मामला कहते हुए कोई सुनवाई नहीं की जाती।
वह लोग तीन माह से अपनी रिश्तेदारी में शरण लिए हुए हैं। बहू ने खेत में गेहूं, आलू आदि सभी फसल को अपने कब्जे में ले रखा है। अब बहू घर का सारा सामान लादकर ले गई है। जब घर जाकर देखा तो वहां कुछ भी नहीं था। पीड़ित उमेश चंद्र ने बहू के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।