रुपये चोरी करने का आरोप लगाकर पीटा
- बंधक बनाकर काम कराने का आरोप, दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। पंजाब में ईंट भट्ठे पर रुपये चोरी करने का आरोप लगाकर युवक को पीटा गया। बंधक बनाकर मजदूरी कराने का भी आरोप लगाया गया है। गांव ढढौंस निवासी महिला की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव ढढौंस निवासी विमला देवी ने पुलिस को बताया कि गांव का एक नामजद ठेकेदार पंजाब राज्य में भठ्ठे पर ईंट पथाई के लिए उनके बेटे अनुज को अपने साथ ले गया था। ठेकेदार ने भट्ठे के मालिक से उनके लड़के के नाम पर अग्रिम धनराशि ले ली। लेकिन बेटे को एक भी रुपया नहीं दिया। उनके पुत्र को आरोपी ने बंधक बना कर मजदूरी कराई। रुपये चोरी करने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई भी की गई। किसी तरह से पुत्र पंजाब से निकल कर गांव आ पहुंचा। ठेकेदार अब पुत्र पर 50 हजार रुपये चोरी का आरोप लगा रहा है। शनिवार की रात ठेकेदार और उसके भाई ने गालीगलौज करते हुए पुत्र की पिटाई की। जब विरोध किया तो आरोपी धमकी देकर चले गए। घायल युवक का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।