माता कालरात्रि के जयघोष से गूंजे जनपद के देवी मंदिर
- सुबह-शाम आयोजित होने वाली आरती में बड़ी संख्या में पहुंच रहे भक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। नवरात्र जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सोमवार को नवरात्र के सातवें दिन जिले भर के मंदिरों में माता कालरात्रि की पूजा हुई। मंदिरों में सुुबह से लेकर शाम तक भक्त पहुंचते रहे। माता कालरात्रि के जयघोष से जिले भर के देवी मंदिर गूंजते रहे।
नवरात्र को लेकर भक्तों का भक्ति भाव लगातार बढ़ता जा रहा है। मंदिरों में भक्तों की भीड़ भी बढ़ती जा रही है। नवरात्र के सातवें दिन सुबह से ही शहर के प्रसिद्ध माता मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। माता मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने पूजा पाठ के साथ मनौती मांगी। शहर के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर पर सर्वाधिक भक्त पूजा करने पहुंच रहे हैं। यहां रात के समय यहां पहुंचने वाले भक्त नेजा चढ़़ा रहे हैं। सोमवार को यहां 200 से अधिक नेजा चढ़ाए गए। लोगों की ऐसी मान्यता है कि माता के मंदिर पर नेजा चढ़ाने से उनकी मनोकामना पूर्ण होती है। जिन लोगों की मनोकामना पूर्ण हो जाती है वे यहां नेजा चढ़ाने पहुंचते हैं।
शहर के प्रसिद्ध शीतला धाम के साथ ही अन्य मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ दिखाई दे रही है। सातवें दिन महाकाली के मंदिर पर माता कालरात्रि की पूजा से पहले हवनयज्ञ का आयेाजन हुआ। इसके साथ ही शहर के कचहरी रोड स्थित दुर्गा माता मंदिर पर भी सुबह शाम भक्तों की भीड़ देखी गई। भक्तों ने माता के मंदिर पहुंचकर आरती में भाग लिया। ग्रामीण अंचल में भी नवरात्र में माता के मंदिरों में सुबह शाम बड़ी संख्या में भीड़ भक्त पहुंचकर आरती कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।