आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के रामनगर पुलिया मोहल्ले में शादी वाला परिवार मोहल्ले के ही कुछ युवकों से दहशत में है। युवकों पर आरोप है कि उन्होंने लगुन सगाई में आए रिश्तेदार से बाइक टकराने पर हमला किया। अगले दिन भी घर आकर मारपीट, पथराव किया। लगातार धमकी मिलने पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने बरात निकलवाई।
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र के 12 फुटा वाली गली, रामनगर पुलिया निवासी साैरभ ने बताया कि वह जूता कारखाना संचालित करते हैं। उनके चाचा सागर की 16 फरवरी को लगुन सगाई थी। इस कारण घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था। तभी क्षेत्र का कुलदीप बाइक लेकर आया। उसकी बाइक से एक रिश्तेदार को टक्कर लग गई। वह एक पूर्व पार्षद के परिवार से है। इस पर उन्होंने ठीक से बाइक चलाने के लिए बोल दिया।
विज्ञापन
आरोप है कि वह अपने साथियों को बुला लिया। रिश्तेदार से मारपीट की। बचाने आए चाचा कमल और बुआ पूजा को भी पीटा। इससे शादी वाले घर में कोहराम मच गया। लोगों के जुटने पर आरोपी भाग गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दबिश दी, लेकिन आरोपी भाग गए।
मामले में थाने में तहरीर दी। इस पर रिपोर्ट दर्ज की गई। तब से ही आरोपी बरात नहीं निकलने की धमकी दे रहे थे। 17 फरवरी को भाई कृष्णा घर के बाहर बैठा था। तभी कुलदीप पक्ष के लोग आ गए। उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। बचाने पर पथराव किया। लोगों ने घरों में छिपकर खुद को बचाया। इसके बावजूद पुलिस ने सिर्फ सामान्य रिपोर्ट दर्ज की।
विज्ञापन
परिवार दहशत में था। उन्होंने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। तब बृहस्पतिवार को पुलिस आई और एत्मादपुर के लिए बरात को रवाना कराया। एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि दो आरोपी कुलदीप और राजकिशोर का शांतिभंग में चालान किया गया। दोनों पक्षों के 15 लोगों को पाबंद करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।