सोशल मीडिया पर कोई भी वीडियो पसंद आया तो उसे लाइक कर दिया या फिर शेयर कर दिया। ऐसे करने वाले सावधान रहें। क्योंकि यदि किसी फर्जी वीडियो को लाइक या शेयर किया, तो ये हरकत भी जेल करा सकती है। ये जानकारी एसीपी डाॅ. सुकन्या शर्मा ने दी।
सोशल मीडिया का प्रयोग सावधानी से करना चाहिए। जरा सी गलती आपको मुसीबत में डाल सकती है। ये बातें सोमवार को एसीपी डाॅ. सुकन्या शर्मा ने कहीं। वे अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से श्री राम स्वरूप सिंघल गर्ल्स इंटर काॅलेज, दरेसी नंबर 1 में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बोल रही थीं।
विज्ञापन
एसीपी ने पाठशाला की शुरुआत करते हुए संचार के माध्यम और उनके दुरुपयोग के बारे में बताया। कहा कि एक छोटी सूचना को सोशल मीडिया के माध्यम से कहीं भी पहुंचाया जा सकता है। इस माध्यम से सही और गलत दोनों तरीके से प्रयोग किया जा सकता है। इसके लिए सभी को जागरूक रहना होगा।
बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर कई बार फर्जी वीडियो और मैसेज से भड़काऊ सामग्री पोस्ट की जाती है। इस तरह के पोस्ट को देखकर अगर आप भी लाइक और शेयर करेंगे तो कानूनी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस केस दर्ज कर गिरफ्तार कर सकती है। अगर, कोई भड़काऊ पोस्ट देखें तो पुलिस से शिकायत करें।
घर बैठे करें 1090 पर शिकायत
उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी तरह की समस्या होने पर डरें नहीं। महिला थाना और महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत करें। थाने और चाैकी पर नहीं जा सकती हैं तो महिला हेल्पलाइन 1090 पर काल करें। घर बैठे पुलिस की सहायता मिल जाएगी। सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें। हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं। गति निर्धारित रखें।
छात्राओं ने दिए सवालों के जवाब
पाठशाला में छात्राओं ने एसीपी के सवालों के जवाब दिए। छात्रा पूर्वी, विशाखा, नंदनी, अफसीन, मुस्कान, सोनम, अभ्या, आंसी शर्मा, अक्षरा तिवारी, सानिया, आयुषि, आकांक्षा, जागृति, सुहाना, खुशी, रिया, वंशिका गाैतम, माधवी राठाैर, दृष्टि को अमर उजाला की ओर से पुस्तक भेंट की गई। प्रधानाचार्य कुमुद ग्रोवर ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में बताई गईं बातें जीवन में महत्वपूर्ण हैं। इस दाैरान एसआई राजकुमार व्यास, एसआई लोकेंद्र कुमार, सिपाही पवि पंवार, विद्यालय शिक्षिका स्मृति श्रीवास्तव, अनुपम, रेखा अत्री, राखी कंचन, शीतल शर्मा, विनीता अग्रवाल आदि माैजूद रहीं।