आगरा की ब्लॉक बिचपुरी के बीडीओ के चालक के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। उन पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आगरा के थाना जगदीशपुरा में बीडीओ बिचपुरी के चालक और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
बुलंदशहर के थाना अनूपशहर के गांव बहरिया हरिदारपुर निवासी बिजेंद्र सिंह ने शनिवार को केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि 28 नवंबर 2019 को बहन लक्ष्मी की शादी थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के गांव चौहटना निवासी दिनेश के साथ हुई थी। बहन के दो बच्चे चार साल की पुत्री रियांशी और डेढ़ वर्ष का पुत्र दिव्यांशु हैं।
दिनेश बीडीओ बिचपुरी का वाहन चालक है। आरोप है कि दिनेश के संबंध परिवार की ही एक महिला से हैं। लक्ष्मी इसका विरोध करती थी। बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे इसी बारे में दिनेश और लक्ष्मी का विवाद हो गया। पति दिनेश, चचिया ससुर मोहन, चचिया सास शकुंतला, जेठ बल्लू आदि ने फंदा लगाकर लक्ष्मी की हत्या कर दी। निरीक्षक अपराध ने बताया कि पति दिनेश समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी नहीं हुई है। विवेचना एसीपी लोहामंडी कर रहे हैं।