ब्रज की विश्व प्रसिद्ध लठामार होली के लिए श्रीजी की नगरी बरसाना को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, वहीं कृष्ण की नगरी नंदगांव में केवल खानापूर्ति की जा रही है। शासन-प्रशासन का पूरा ध्यान बरसाना पर केंद्रित है, नंदगांव की ओर नहीं।
संस्कृति विभाग द्वारा बरसाना के राधाबिहारी इंटर कॉलेज में दो दिन देश-विदेश के कलाकारों से सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। समानता को एक कार्यक्रम नंदगांव में भी होना था। बरसाना में झांकियां निकाली जाएंगी। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों की होली को दिखाया जाएगा।
होली एवं राधाकृष्ण की लीलाओं को दर्शाते भित्ति चित्र बनाए गए हैं। श्रीजी मंदिर व मार्ग को रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया जा रहा है। इसके उलट पर्यटन विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं संस्कृति विभाग द्वारा नंदगांव में कोई खास इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।