बांकेबिहारी मंदिर के बाहर प्रदर्शन करते सेवायत
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंगला आरती के दौरान हुए हादसे को लेकर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायतों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए सेवायतों ने मंदिर के गेट नंबर एक के बाहर प्रदर्शन कर घटना के दोषियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। सेवायतों ने प्रशासन द्वारा बनाए नए नियमों को तोड़ने का भी पुलिस पर आरोप लगाया।
सोमवार को दोपहर सेवायत गोस्वामियों ने प्रबंधन को इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। सेवायत दिनेश गोस्वामी ने कहा कि मंदिर में अव्यवस्थाएं प्रतिदिन गंभीर होती जा रही हैं। जन्माष्टमी की दुर्घटना इस अव्यवस्था का दुष्परिणाम है। अगर घटना की निष्पक्ष जांच होती है तो दोषी सामने आ सकता है। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए दोषी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। घटना के बाद प्रशासन द्वारा बनाए गए नए नियमों को तोड़ने का आरोप पुलिस कर्मियों पर लगाया।
प्रबंधन में है खामियां
सेवायतों ने सोमवार को कुछ वीआईपी को गेट नंबर एक से प्रवेश करवाते हुए वीडियो भी जारी किया है। जबकि एक दिन पहले ही डीएम, एसएसपी ने निरीक्षण के बाद गेट एक से किसी भी व्यक्ति भले ही कोई वीआइपी हो उसे भी प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था। अमित गोस्वामी ने कहा कि प्रबंधन में तमाम खामियां हैं। प्रबंधक को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
बांकेबिहारी मंदिर से महिला की चेन चोरी
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर से सोने की चेन चोरी का मामला प्रकाश में आया है। अजमेर निवासी मीनाक्षी साबू ने पुलिस को इसकी सूचना दी है। उन्होंने बताया कि वे सोमवार सुबह बांकेबिहारी के दर्शनों के लिए पहुंचीं। इस दौरान मंदिर से निकलते समय उनकी सोने की चेन चोरी कर ली।