कासगंज में खेत मजदूर यूनियन, किसान सभा व अन्य संगठनों के लोग भारत बंद के समर्थन में जुलूस निकालते
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। बैंकों के विलय के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर बुधवार को बैंकों के लिपिक संवर्ग के कर्मियों ने हड़ताल रखी। इसके चलते बैंकों के कामकाज पर असर पड़ा। हड़ताल से बैंक शाखाओं में ताले लटक रहे। इससे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 100 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित होने का अनुमान है।
जिले में विभिन्न बैंकों की 100 बैंक शाखाएं हैं। सभी शाखाओं के लिपिक संवर्ग के कर्मी हड़ताल पर रहे। इससे बैंकों के कामकाज पर काफी असर पड़ा। बैंक शाखाओं ने मुख्य गेट पर ताले लगा दिए। अधिकारी वर्ग से जुड़े कर्मी बैंक के अंदर कामकाज निपटाने में लगे रहे। ग्राहकों को बिना लेनदेन किए ही लौटना पड़ा।
एटीएम भी दे गए दगा
हड़ताल का असर बैंक शाखाओं के एटीएम पर भी देखा गया। एटीएम में कैश खत्म हो जाने के बाद ग्राहकों को काफी परेशानी हुई। कार्ड धारक धन निकासी के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कैश नहीं निकाल सके।
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन
बैंक शाखाओं की हड़ताल से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन सेवा भी प्रभावित हुई। कारोबारी आरटीजेएस, नेफ्ट बैंकिंग नहीं कर सके।
बैंकों के लिपिक संवर्ग के कर्मियों ने अपनी हड़ताल रखी। जबकि अधिकारी संवर्ग हड़ताल से दूर रहा, जिससें बैंकों के कामकाज पर असर पड़ा। जिलेभर में करीब 100 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है।
- महेश प्रकाश, एलडीएम।