तीन दिन की अवकाश के बाद मंगलवार को बैंकें खुलीं तो ग्रामीण इलाकों में आपाधापी का माहौल देखने को मिला। कैश के चक्कर में बड़ी संख्या में लोग बैंकों के बाहर लाइन में लगे नजर आए। जरार की केनरा बैंक में एक महिला की पासबुक बैंक कर्मी के फाड़ देने के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया। शमसाबाद और बाह की बैंकों में कैश खत्म होने पर लोगों ने जमकर शोरशराबा किया।
जरार की केनरा बैंक में सुबह से लाइन में लगी विमला देवी पत्नी मानसिंह की पासबुक बैंक कर्मी ने इसलिए फाड़ दी कि वह बच्चे के इलाज के लिए रुपये निकालने की जिद कर रही थीं। पार्वतीपुरा की भावना (10) को यह कहकर धक्के देकर बैंक से निकाल दिया कि वह नौ दिसंबर को दो हजार रुपये निकाल चुकी है। भावना ने बताया कि उसकी मां पुष्पा देवी का देहांत हो चुका है। अब घर में रुपये नहीं बचे हैं। पार्वतीपुरा की विधवा नैनी देवी को भी बैंक से निकाल दिया गया। उन्होंने भी नौ दिसंबर को दो हजार रुपये निकाले थे। इसी तरह कई अन्य को भी लाइन से हटा दिया गया। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा कर दिया। शाखा प्रबंधक देवराज ने बताया कि महिला की पासबुक बनी रखी है। उसे बुधवार को दे दिया जायेगा। वहीं, हफ्ते में एक दिन कैश के भुगतान का प्रावधान है। इसलिए नौ दिसंबर को रुपये निकालने वालों को लाइन से हटा दिया गया। धक्का देकर निकालने की बात गलत है। जैतपुर की केनरा बैंक में कैश खत्म होने पर लाइन में लगे ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। ग्राहकों ने तीन दिन पहले भी इसी तरह कैश खत्म होने की बात कहकर लौटाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया। बाह की एसबीआई के बाहर दिन भर लंबी लाइन लगी रही। लाइन को नियंत्रित करने में पुलिस का पसीना छूट गया। बैंक का एटीएम आठवें दिन भी कैश लैस रहा। जैतपुर, जरार, बाह में केनरा बैंक के एटीएम नहीं खुले।
पिनाहट की बैंकों में लोगों को दो से चार हजार रुपये ही बांटे गए। इस पर लोगों ने रोष जताया। वहीं, कुछ बैंकों में ग्राहकों के खातों में हेराफेरी का मामला सामने आया है। नगला भरी की केनरा बैंक में बसई अरेला निवासी रामसेवक ने पिछले महीने अपने खाते में 17 हजार रुपये जमा किए थे। मंगलवार को वह रुपये निकालने गए तो रुपये नहीं मिले। जानकारी करने पर बैंक कर्मियों ने उनके साथ अभद्रता कर बाहर निकाल दिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मामले की शिकायत की है।
शमसाबाद की एसबीआई शाखा में कैश नहीं मिलाने पर महिलाओं ने हंगामा किया और धरने पर बैठ गईं। एसएसआई कांती प्रसाद ने उन्हें समझाकर शांत किया। मंजू, बीना, सीमा, रजनी, जन्नत बेगम, माया देवी ने कहा कि घंटों लाइन में लगने के बाद उनसे कैश खत्म होने की बात कहकर कल आने को कहा गया। गुस्साई महिलाओं ने मैनेजर पर मनमानी करने का आरोप लगाया। लादूखेड़ा की बैंकों में भी रुपये निकालने के लिए दिन भर ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही। फतेहपुर सीकरी में बैंकों में कैश न होने के चलते लोगों को मायूस लौटना पड़ा। कुछ बैंकों में दो-चार हजार रुपये देकर लौटा दिया गया। बरहन की बैंकों में दो-दो हजार रुपये बांटे गए। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा भी किया। उन्होंने बैंक प्रबंधकों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। गांव गोहिला निवासी अनिल कुमार पुराने नोट जमा करने आया तो एक हजार के नोटों को नकली बताकर लौटा दिया गया। इस पर घंटों हंगामा होता रहा।
-------
बजरंगियों ने फूंका आरबीआई के गवर्नर का पुतला
मलपुरा। धनौली में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आरबीआई के गवर्नर का पुतला फूंका। आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने काले धन को सफेद करने का ठेका ले लिया है। वे प्रधानमंत्री और सरकार की छबि को बिगाड़ने में लगे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुस्साए लोगों ने आरबीआई के गवर्नर का पुतला फूंका। इस मौके पर बिट्टू पंडित, आनंद क्षेत्र पंचायत सदस्य, कुलदीप रावत, रामनिवास, रोहित, गोपाल, सौरभ, दीपक, मुक्ति लोधी, रोहित, पारस आदि मौजूद थे।