आगरा। आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने बीएएमएस एवं एमए इतिहास पाठ्यक्रमों का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार बीएएमएस चतुर्थ प्रोफेशनल मुख्य एवं पूरक परीक्षाएं 16 मई से 28 मई तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएएमएस परीक्षा के लिए यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर, खंदारी को नोडल परीक्षा केंद्र बनाया है। परीक्षा कार्यक्रम में काय चिकित्सा, शल्य तंत्र, शालाक्य तंत्र, पंचकर्म एवं रिसर्च मेथडोलॉजी एंड मेडिकल स्टैटिस्टिक्स विषय शामिल हैं। इस परीक्षा में 2020-21 (मेन) तथा 2015-16 से 2019-20 तक के पूरक परीक्षार्थियों यानी सप्लीमेंट के परीक्षार्थी भी शामिल होंगे।
वहीं, विश्वविद्यालय के इतिहास एवं संस्कृति विभाग ने एमए हिस्ट्री द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा तिथियां भी घोषित कर दी हैं। परीक्षाएं 20 मई से 3 जून तक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होंगी। परीक्षा कार्यक्रम में प्राचीन, मध्यकालीन एवं आधुनिक भारत का आर्थिक और सामाजिक इतिहास, अवध, ब्रज एवं बुंदेलखंड का इतिहास, गांधी दर्शन, आर्काइव स्टडीज, एपिग्राफी सहित विभिन्न विषय शामिल हैं।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि सभी छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों एवं समय के अनुसार परीक्षा में शामिल हों और विश्वविद्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।