आगरा। बाह के क्वारी गांव के अप्रतिम भदौरिया ने वर्ल्ड स्कूल अंडर-15 वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई है। चीन के शुंगलुओ में चल रहे इस टूर्नामेंट में भारत ने मेजबान चीन को हरा दिया। इससे पहले भारतीय टीम चिली को मात दे चुकी है।
अप्रतिम भदौरिया लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वह कुछ महीनों से बेहतरीन फॉर्म में हैं और लगातार टीम में निर्णायक योगदान दे रहे हैं। पिता अमित भदौरिया ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का पल है। गांव से निकलकर बेटा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन कर रहा है। उनकी मेहनत, अनुशासन और कोच की गाइडेंस ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। इस विजय से अप्रतिम के गांव में खुशी का माहौल है।