Babri Masjid Demolition Case: बाबरी विध्वंस मामले की आरोपी साध्वी ऋतंभरा और श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के विशेष कार्य अधिकारी विजय बहादुर सिंह सीबीआई की विशेष अदालत में पेश होने के लिए लखनऊ पहुंच गए हैं। दोनों अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने के मामले में 32 अभियुक्तों में शामिल हैं। बुधवार को कोर्ट फैसला सुनाएगी।
अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाए जाने के आपराधिक मामले में सीबीआई की विशेष अदालत का बहुप्रतीक्षित फैसला बुधवार को हाईकोर्ट के पुराने परिसर स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में सुनाया जाएगा। इस मामले में 32 अभियुक्त हैं। जिनमें साध्वी ऋतंभरा और श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के विशेष कार्य अधिकारी विजय बहादुर सिंह भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- बाबरी विध्वंस पर कल फैसला सुनाएगी सीबीआई अदालत, आडवाणी-जोशी सहित कई नेता हैं आरोपी
साध्वी ऋतंभरा के जनसंपर्क अधिकारी उमाशंकर राही ने बताया कि वह सोमवार को दिल्ली होते हुए मंगलवार को लखनऊ पहुंची हैं। उधर, विजय बहादुर सिंह मंगलवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी के साथ लखनऊ रवाना हो गए। विजय बहादुर सिंह ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण शुरू हुआ है। न्यायालय से जो भी फैसला होगा, उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे।