कासगंज। अयोध्या के विवादित ढांचा विध्वंस मामले में सीबीआई की विशेष अदालत से सभी आरोपियों के बरी होने पर हिंदूवादी खुश हैं। उन्होेंने इस फैसले को प्रभु श्रीराम की कृपा बताया है। कहा है कि उन्हीं की कृपा से हाल ही में दूसरी बार न्यायालय से सफलता मिली है।
मेरा परिवार हृदय से करता है स्वागत: सांसद
एटा लोकसभा क्षेत्र से सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह ने फैसले का स्वागत कर मिठाई बांटी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का कासगंज से सदैव लगाव है। एटा-कासगंज के लोगों की निगाहें पूर्व मुख्यमंत्री सहित अन्य भाजपा नेताओं को लेकर इस फैसले पर टिकी हुईं थीं। मामले में सभी नेताओं को दोषमुक्त कर बरी कर दिया गया। मैं, मेरा परिवार और देश की जनता इस फैसले का स्वागत करती है।
आज का दिन अमूल्य है : जिलाध्यक्ष
भाजपाइयों ने जिला कार्यालय पर अदालत के फैसले का स्वागत किया और मिठाई बांटी। जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने कहा कि आज का दिन हम सभी रामभक्तों के लिए अमूल्य दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता इस मामले में बरी हो गए। आज का दिन इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा। भाजपा नेता डा. केत सिंह वर्मा, राजवीर सिंह भल्ला, सुरेश माहेश्वरी, अनुरोध प्रताप सिंह, रामनिवास राजपूत, रविंद्र ब्रह्मचारी, डा. खूब सिंह, मीडिया प्रभारी केके सक्सेना, गौरव बघेल, मोहर सिंह राजपूत, अतुल चौहान मौजूद रहे।
क्या बोले रामभक्त
पहले राममंदिर के पक्ष में फैसला आया। उसके बाद राम मंदिर के निर्माण की नींव रखी। अब विवादित ढांचे के विध्वंस मामले में सभी आरोपी बरी हो गए। एक के बाद एक खुशी मिली है। - उमा शंकर शर्मा, विभाग संघ चालक, आरएसएस।
यह भगवान श्रीराम की कृपा की सफलता है। रामभक्तों को सबसे बड़ी सफलता हासिल हुई है। यह फैसला देशहित से जुड़ा हुआ फैसला है। फैसले से काफी खुशी हो रही है। - ज्ञान माहेश्वरी, राममंदिर आंदोलनकारी।
जो आंदोलन हुआ था उसकी नीयत भी ठीक थी और नीति भी। शुरू से ही भरोसा था कि जीत सत्य की होगी। आज सत्य जीत गया और रामभक्तों को सफलता मिली। - कौशल साहू, सदस्य, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी।
मुकदमा सत्य के साथ लड़ा गया। भगवान श्रीराम की कृपा रही। दूसरे पक्ष के पास ठोस सबूत नहीं थे। रामभक्तों का पक्ष सत्य व मजबूती से लड़ा गया और जीत मिली। - रूपकिशोर चांडक, अधिवक्ता।
एक गौरव का दिन वह था जब गुलामी के विवादित ढांचे को कारसेवकों ने जमींदोज कर दिया। अब ढांचा विध्वंस के सभी आरोपियों को दोष मुक्त कर दिया है। - डॉ. एनपी सिंह हल्दिया, नगर संघचालक, आरएसएस, सोरों।
हमारी संस्कृति के प्रतीक श्रीराम के मंदिर को मुगल आक्रांताओं से बचाने के लिए हमारे पूर्वजों ने प्राणों का बलिदान दिया। आज उनकी आत्मा को शांति मिली होगी। - रामेश्वर दयाल महेरे, भाजपा मंडल देहात प्रभारी, सोरों।