डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस का बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र शिकोहाबाद निवासी पियूष राजाैरिया पांच दिन से लापता है। उसकी स्कूटी कैंपस परिसर में ही खड़ी मिली है। उसमें मोबाइल भी रखा मिला। परिजन ने अनहोनी की आशंका जताई है।
विनायक नगर, सिकंदरा निवासी अमित कुमार शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शिकोहाबाद निवासी उनके बहनोई कुलदीप राजाैरिया का बेटा पियूष विवि के खंदारी कैंपस में बीटेक प्रथम वर्ष का छात्र है। वह उनके घर में ही रहकर पढ़ाई कर रहा है। इस समय प्रयोगात्मक परीक्षा चल रही हैं। 29 जनवरी को स्कूटी लेकर कॉलेज गया था लेकिन शाम तक घर वापस नहीं आया। मोबाइल पर घंटी जारी रही लेकिन किसी ने उठाया नहीं।
परिजनों ने बताया कि कॉलेज में जाकर पता किया लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रात तकरीबन 1:30 बजे मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। दूसरे दिन कालेज में स्कूटी खड़ी मिल गई। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने पर पता चला कि पियूष सुबह 10:57 बजे कैंपस पहुंचा था। पांच मिनट बाद गेट से पैदल निकलता दिख रहा है। इसके बाद से कहीं पता नहीं चल सका है। डीसीपी सिटी सूरज राय का कहना है कि छात्र की तलाश की जा रही है। काॅल डिटेल भी खंगाली है। वहीं जवाहर पुल से लापता युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।