मंसुखपुरा में ग्राम पंचायत औंध के गांव मल्ल का पुरा के बीहड़ में शनिवार रात बीएड के छात्र की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। रविवार पूर्वाह्न 11 बजे उटंगन के बीहड़ में हाथ पैर बंधा शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस नेे शव कब्जे में ले लिया। मामला जमीन की रंजिश का बताया जा रहा है। इस मामले में गांव के ही दो भाइयों के खिलाफ अपहरण और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मल्ल का पुरा निवासी बनवारी लाल का पुत्र सत्यभान उर्फ भल्लू (20) शिकोहाबाद के एके कॉलेज से बीएड कर रहा था। शनिवार रात वह फसल की रखवाली करने गया था। सुबह जब घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजन मौके पर पहुंचे। वहां वह नहीं मिला तो परिवारीजन खोज में लग गए। रविवार पूर्वाह्न 11 बजे मल्ल का पुरा और औंध गांव के बीच सड़क किनारे उटंगन के बीहड़ में सत्यभान का शव पड़ा मिला। गले में अंगोछे का फंदा, दोनों हाथ और पैर बधे हुए थे। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बनवारी लाल की तहरीर पर गांव के ही दो भाई चंद्रभान और फोरन सिंह पुत्रगण रामपति सिंह के खिलाफ जमीन की रंजिश में हत्या करने की रिपोर्ट मन्सुखपुरा थाने में दर्ज की गई है।
-------
सीआरपीएफ का फिजीकल टेस्ट पास किया
बाह। सत्यभान ने सीआरपीएफ में भर्ती होने के लिए फिजीकल टेस्ट पास किया था। रिटिन की तैयारी कर रहा था। उसके साथी महेश, रामसेवक ने बताया कि सत्यभान में देशभक्ति का जज्बा कूट-कूटकर भरा था। उसकी पहली पसंद सेना में नौकरी थी। उसकी मौत की जानकारी होते ही मां सुनंदा गश खाकर गिर पड़ी। पिता बनवारी लाल सुध बुध खो बैठे हैं।
----
जमीन के विवाद में एक महीने पहले हुई थी पंचायत
बाह। लगभग डेढ़ साल पहले एक प्लाट को लेकर बनवारी लाल का गांव के ही चंद्रभान और फोरन सिंह से विवाद हुआ था। उन्होंने ने सत्यभान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। एक माह पूर्व इसी विवाद को लेकर गांव में पंचायत हुई थी। तब बनवारी लाल ने 3.50 लाख रुपये देेकर समझौता कर लिया था।