बीएड प्रवेश परीक्षा केंद्र पर उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना महामारी के बीच बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आगरा में हो रही है। पहली पाली में ही नियम तार-तार होते दिखे। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन के नियमों का पालन नहीं दिखा।
प्रवेश के लिए मारामारी दिखाई दी। अभ्यर्थियों की भीड़ ने सामाजिक दूरी के नियम की धज्जियां उड़ा दीं। कई अभ्यर्थी बिना मास्क के भी नजर आए। बता दें कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को आगरा में 42 केंद्रों पर हो रही है।
इस परीक्षा में दो पालियों में 19,600 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है। अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं हुआ। वहीं हाथों के बजाए कपड़ों का सैनिटाइजेशन किया गया।
प्रवेश के दौरान नहीं दिखाई दिया सामाजिक दूरी का नियम
- फोटो : अमर उजाला
दिए गए थे ये दिशा-निर्देश
प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. संजीव कुमार के मुताबिक पहले पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। पहली पाली में अधिकतम 09:30 बजे तक और दूसरी पाली में 01:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों का प्रवेशपत्र ही पास का काम करेगा। इसे दिखाने पर उन्हें रोका नहीं जाएगा, सरकार ने इसकी अनुमति दी है। अभ्यर्थियों को यह भी ध्यान देना है कि वह मास्क लगाकर ही परीक्षा केंद्र पर उपस्थिति दर्ज कराएं। अभ्यर्थी को अपने साथ प्रवेशपत्र का प्रिंट आउट और एक खुद की फोटो लेकर आना होगा और इसे केंद्र पर जमा करना होगा।
डीएम एसएसपी ने किया बीएड परीक्षा केंद्रों का दौरा
- फोटो : अमर उजाला
डीएम एसएसपी ने किया बीएड परीक्षा केंद्रों का दौरा
आगरा डीएम प्रभु एन सिंह व एसएसपी बबलू कुमार ने रविवार सुबह सयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। आरबीएस व आगरा कॉलेज केंद्र गए। डयूटी स्टाफ को परीक्षा के दौरान सामाजिक दूरी व मास्क अनिवार्य पहनने के निर्देश दिए।