आगरा। नगला छउआ में टोरंट पावर की कथित लापरवाही से हुए शॉर्ट सर्किट के कारण एक मासूम बच्चे की मौत के मामले में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी और डीसीपी सिटी से मिला। नेताओं ने अधिकारियों को अवगत कराया कि घटना के एक सप्ताह बाद भी पुलिस प्रशासन ने दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटकने को मजबूर है।
पार्टी ने ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो जनआंदोलन शुरू करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र पारस, जिलाध्यक्ष सौरभ दयाल, महानगर अध्यक्ष सानू मोहम्मद आदि मौजूद रहे।