बंद पड़ा है नगला भरी का आयुष्मान आरोग्य मंदिर, ग्रामीणों को नहीं मिल रहा उपचार
पिनाहट। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला भरी में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर विभागीय लापरवाही का शिकार बना हुआ है। अस्पताल के समय पर न खुलने और कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। नगला भरी के उप गांव मंशुखपुरा निवासी ग्रामीण रामभरत ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह इलाज की आस में लगातार पांच बार आरोग्य मंदिर पहुंच चुके हैं, लेकिन हर बार अस्पताल पर ताला लटका मिला। मजबूर होकर उन्हें बिना इलाज लौटना पड़ा। स्वास्थ्य प्रभारी प्रमोद कुशवाहा का कहना है स्वास्थ्य कर्मी छुट्टी पर होने की वजह से बंद था। जल्दी ही समय से आरोग्य मंदिर को खोला जाएगा।